खुशखबरी : 73 दिनों में आ जाएगी भारत की पहली कोरोना वैक्सीन, देशवासियों को फ्री में लगेगा टीका
खुशखबरी : 73 दिनों में आ जाएगी भारत की पहली कोरोना वैक्सीन, देशवासियों को फ्री में लगेगा टीका
Anurag Mishra | नवभारतटाइम्स.कॉम | Updated: 23 Aug 2020, 05:44:00 AM
corona vaccine update india : सब कुछ ठीक रहा तो देश की पहली कोरोना वैक्सीन अगले दो महीने के बाद बनकर तैयार हो जाएगी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने भी कहा है कि वैक्सीन इस साल के आखिर तक बनकर तैयार हो सकती है।
प्रतीकात्मक तस्वीर
हाइलाइट्स:
- कोरोना के खिलाफ जारी लड़ाई के बीच आई गुड न्यूज
- रिपोर्ट में दावा, 73 दिनों में आ जाएगी देश की पहली वैक्सीन
- सीरम इंस्टिट्यूट की वैक्सीन 'कोविशील्ड' का ट्रायल तीसरे चरण में
इस समय भारत ही नहीं, पूरी दुनिया को कोरोना वैक्सीन का बेसब्री से इंतजार है। इस बीच भारत की पहली कोविड वैक्सीन को लेकर अच्छी खबर आ रही है। 'बिजनस टुडे' की एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत की पहली कोरोना वैक्सीन 73 दिनों में आ जाएगी। यह वैक्सीन 'कोविशील्ड' होगी, जिसे पुणे की कंपनी सीरम इंस्टिट्यूट बना रही है। इस रिपोर्ट के मुताबिक राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के तहत भारत सरकार अपने नागरिकों को मुफ्त में टीके लगवाएगी।
ट्रायल की पूरी बात समझिए
सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया (SII) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, 'सरकार ने हमें एक विशेष निर्माण प्राथमिकता लाइसेंस दिया है और ट्रायल प्रोटोकॉल की प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है जिससे 58 दिनों में ट्रायल पूरा किया जा सके। इसके तहत फाइनल फेज (तीसरा चरण) में ट्रायल का पहला डोज आज से दिया गया है। दूसरा डोज 29 दिनों के बाद दिया जाएगा। फाइनल ट्रायल डेटा दूसरा डोज दिए जाने के 15 दिनों के बाद आएगा। इस अवधि के बाद हम कोविशील्ड को बाजार में लाने की योजना बना रहे हैं।'
Comments
Post a Comment